एडीजी ने किया कानून-व्यवस्था के तैयारियों की समीक्षा
अमेठी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। अपने एकदिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचे अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन (एडीजी) प्रवीण कुमार ने आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा एवं मूर्ति विसर्जन को लेकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को नवीन पुलिस लाइन गौरीगंज में उन्हाेंने पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा कर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र सोमेन बर्मा, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी., अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह सहित जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, विभिन्न शाखाओं एवं सेल के प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
एडीजी ने आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा त्योहारों के दौरान पुलिस बल को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान साइबर अपराधों की रोकथाम, यक्ष एप के प्रभावी क्रियान्वयन, गुमशुदा एवं अपहृता की सकुशल बरामदगी, मिशन शक्ति अभियान तथा आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।
अपर पुलिस महानिदेशक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन तथा उच्चाधिकारियों द्वारा जारी आदेशों और निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों के दौरान पुलिसकर्मी सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, जिससे जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी