एडीजी व डीआईजी ने बड़ौत कोतवाली में बाबा शाहमल की प्रतिमा का अनावरण किया

 




बागपत, 05 फ़रवरी (हि.स.)। बड़ौत कोतवाली भवन के नवीनीकरण के बाद गुरुवार को अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर और पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी ने कोतवाली परिसर में 1857 के क्रांतिकारी अमर शहीद बाबा शाहमल तोमर की प्रतिमा का अनावरण किया। प्रतिमा को कोतवाली के मुख्य द्वार के निकट स्थापित किया गया है, ताकि यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को उनके बलिदान और देशभक्ति की प्रेरणा मिल सके।

इस अवसर पर एडीजी भानु भास्कर ने कहा कि उन्होंने अपने साथियों से बाबा शाहमल के शौर्य और बलिदान की कहानियां सुनी हैं। बाबा शाहमल देशभक्ति की एक महान मिसाल हैं और ऐसे वीरों से समाज को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में प्रदेश की कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। अब महिलाएं पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित महसूस करती हैं और बिना किसी भय के सड़कों पर चल सकती हैं।

एडीजी ने महाकुम्भ के सफल आयोजन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में आयोजित महाकुम्भ विश्व स्तर पर एक उदाहरण बना, जिसमें 67 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया। उन्होंने बताया कि ढाई वर्षों की तैयारी और पुलिस प्रशासन के समन्वय से मेला पूरी तरह शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा कि बाबा शाहमल तोमर की प्रतिमा का अनावरण ऐतिहासिक और प्रेरणादायक क्षण है। उन्होंने कहा कि 1857 की क्रांति में बाबा शाहमल ने अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती देकर स्वतंत्रता की अलख जगाई थी। कोतवाली में आने वाले हर व्यक्ति की नजर इस प्रतिमा पर पड़ेगी और वह राष्ट्रहित व जनहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा लेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश के सभी थानों को आगंतुकों के लिए सुलभ बनाया जा रहा है और साइबर हेल्प डेस्क की स्थापना भी की गई है।

पुलिस अधीक्षक अजय राय ने अपराधियों को सजा दिलाने में जनता के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि समाज को बाबा शाहमल के अनुयायी बनकर अन्याय का विरोध करना चाहिए। उन्होंने लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान एडीजी और डीआईजी ने कोतवाली का निरीक्षण किया और ग्राम प्रहरियों को कम्बल देकर सम्मानित किया। इसके अलावा बरेली के एसएसपी डॉ. अनुराग आर्य की माता को मंच पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन डॉ. कमलदीप जिंदल ने किया, जिनकी वक्तृत्व कला की अधिकारियों ने सराहना की। इस अवसर पर देश खाप चौधरी प्रतिनिधि संजीव चौधरी, यशपाल सिंह, देवेंद्र सिंह, एडवोकेट तेजवीर सिंह, डॉ. मनीष तोमर, डॉ. सुखपाल सिंह, डॉ. अनिल जैन, डॉ. अभिनव तोमर सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी