दिल्ली, मेरठ, लखनऊ, गोरखपुर समेत अन्य प्रमुख रूटों पर रोडवेज बसों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाए
- यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सहूलियत मिली
मुरादाबाद, 11 नवम्बर (हि.स.)। त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रोडवेज में बसों के संचालन में बढ़ोतरी की है। बुधवार को भाई दूज के अवसर पर मुरादाबाद डिपो से दिल्ली, मेरठ, लखनऊ, गोरखपुर समेत अन्य प्रमुख रूटों पर बसों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए। इससे यात्रियों को ज्यादा देर बसों का इंतजार नहीं करना पड़ा और अपने गंतव्य तक पहुंचने में सहूलियत मिली।
मुरादाबाद डिपो से लंबी दूरी के मार्गों पर बसों की उपलब्धता सोमवार और मंगलवार की तरह बढ़ा दी गई। लखनऊ, दिल्ली और मेरठ रुट पर यात्रियों की ज्यादा आवाजाही को देखते हुए अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए। वही गोरखपुर समेत अन्य रुटों पर भी यात्रियों की संख्या और जरुरत के अनुसार बसों का संचालन बढ़ाया गया।
मुरादाबाद रोडवेज डिपो की एआरएम राजवती देवी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों पर बेसन के अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं। यात्रियों की संख्या के अनुसार बसों का संचालन क्रमवार किया जा रहा है, जिससे उन्हें बसों के लिए अधिक समय तक इंतजार न करना पड़े।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल