अभिनेता गोविन्दा ने लिया बांकेबिहारी जी का आशीर्वाद
--मन पूरी तरह से शांत और प्रभु की भक्ति में लीन हो जाता है: गोविन्दा
मथुरा, 27 अप्रैल (हि.स.)। फिल्मी दुनिया से लेकर राजनीति में अपनी छवि बना चुके अभिनेता गोविंदा मोहिनी एकादशी (सोमवार) पर जब ठाकुर बांकेबिहारीजी का आशीर्वाद लेने मंदिर पहुंचे तो भक्तों में उनकी दीवानगी सिर चढ़कर बोली। मंदिर परिसर में श्रद्धालु आराध्य बांकेबिहारी के दर्शन छोड़ गोविंदा की ओर पहुंचने को उत्साहित दिखाई दिए।
रास्तों में भी श्रद्धालु और स्थानीय लोगों में उनके साथ सेल्फी लेने, वीडियो बनाने की होड़ लगी रही। भारी सुरक्षा घेरे में गोविंदा ने आराध्य के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। वहीं संत हित प्रेमानंद गोविंद शरण महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया। गोविंदा ने कहा कि ’वृंदावन केवल एक स्थान नहीं, बल्कि साक्षात् प्रेम और भक्ति का स्वरूप है। यहां आने के बाद मन पूरी तरह से शांत और प्रभु की भक्ति में लीन हो जाता है।’
जब गोविंदा मंदिर से बाहर निकलकर मंदिर सेवायत आचार्य गोपी गोस्वामी की गद्दी पर पहुंचे तो मंदिर की गली में गोविंदा के प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हटाया। गोविंदा ने मंदिर में सेवायत आचार्य गोपी गोस्वामी, श्रीनाथ गोस्वामी द्वारा उच्चरित मंत्रों के मध्य आराध्य बांकेबिहारीजी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। सेवायतों ने गोविंदा को ठाकुरजी का प्रसादी अंगवस्त्र व प्रसाद भेंट किया। दर्शन के बाद गोविंदा राधा निवास पहुंचे, जहां उन्होंने वर्तमान समय के प्रख्यात संत हित प्रेमानंद गोविंद शरण महाराज से भेंट की। गोविंदा ने महाराज के चरणों में बैठकर काफी देर तक आध्यात्मिक चर्चा की और जीवन के मार्गदर्शन के लिए उनका आशीर्वाद लिया। सोशल मीडिया पर गोविंदा और महाराज की इस मुलाकात की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। गोविंदा ने भी हाथ जोड़कर और मुस्कुराते हुए अपने फैंस का अभिवादन स्वीकार किया।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार