लोगों का प्यार कलाकार की सबसे बड़ी ताकत : रोहिताश गौड़
कानपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। जब लोगों का प्यार और अपनापन मिलता है तो कलाकार के लिए इससे बड़ी खुशी कोई और नहीं होती। दर्शकों का स्नेह ही हमें लगातार बेहतर काम करने की प्रेरणा देता है। लोगों के बीच आकर उनसे मिलना हमेशा खास अनुभव रहता है। यह बातें रविवार को टीवी सीरियल ‘भाभी जी घर पर हैं’ में तिवारी जी का किरदार निभाने वाले अभिनेता रोहिताश गौड़ ने रविवार को कानपुर में कहीं।
रोहिताश गौड़ के शहर पहुंचने पर प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने और उनसे मिलने पहुंचे। उन्होंने लोगों से मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। अभिनेता ने कहा कि कानपुर के लोगों का उत्साह और अपनापन हमेशा यादगार रहता है। कार्यक्रम में उन्होंने लोगों के साथ प्रसाद भी ग्रहण किया और आयोजन में सहभागिता की।
केशवपुरम, कल्याणपुर स्थित मां शारदा मेडिकल स्टोर ने अपने सफर के 21 वर्ष पूरे किए हैं। इस अवसर पर स्टोर की ओर से विशेष प्रसाद वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान स्टोर के संचालक सुशील पाल और अजीत पाल ने बताया कि इन वर्षों में दवाओं की उपलब्धता के साथ मरीजों और आम नागरिकों को जरूरत के समय उचित मार्गदर्शन और सेवा देने का प्रयास किया गया।
समारोह में क्षेत्रीय नागरिकों, ग्राहकों और शुभचिंतकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
कानपुर नगर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि 21 वर्षों तक लगातार लोगों से जुड़े रहना और अपनी सेवाएं देना सराहनीय है। उन्होंने वर्षगांठ की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थानों का लोगों के साथ बना विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी होता है। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह सेवा कार्य जारी रखने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सुशील पाल, अजीत पाल और सुरजीत पाल ने अतिथियों का स्वागत किया। क्षेत्रीय नागरिकों और ग्राहकों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप