बिना फिटनेस और दस्तावेज पूरे किए स्कूल वाहन चलाने पर होगी कार्रवाई : जिलाधिकारी

 


जौनपुर,18 मई (हि. स.)। यूपी के जौनपुर में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में “यूपी इंटीग्रेटेड स्कूल व्हीकल मैनेजमेंट पोर्टल” के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य शामिल हुए।

बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 1499 स्कूली वाहन पोर्टल पर ऑनबोर्ड किए गए हैं, जिनमें से 896 वाहनों के सभी दस्तावेज पूर्ण हैं, जबकि 603 वाहनों के परमिट, बीमा, फिटनेस और प्रदूषण प्रमाणपत्र अधूरे पाए गए हैं।

इस पर जिलाधिकारी ने सभी स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बिना आवश्यक दस्तावेज पूरे किए किसी भी स्कूली वाहन का संचालन न किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल प्रबंधन ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान वाहनों के दस्तावेज पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

डीएम ने स्कूली वाहनों के संचालन संबंधी मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि वाहनों की गति सीमा निर्धारित मानकों के अनुरूप हो, सभी स्कूल वाहन पीले रंग के हों, प्रशिक्षित चालक ही वाहन चलाएं तथा वाहनों पर आपातकालीन मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित किया जाए।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद यदि कोई वाहन बिना वैध दस्तावेजों के संचालित पाया गया तो संबंधित विद्यालय और वाहन के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानन्द झा, बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखनाथ पटेल, जिला अग्निशमन अधिकारी, सीओ ट्रैफिक, सहायक यातायात निरीक्षक एवं परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव