देवरिया में किशोर की मौत के बाद जया हॉस्पिटल पर कार्रवाई, ओटी और जनरल वार्ड सील

 


देवरिया, 07 अगस्त (हि.स.)। इलाज के दौरान एक किशोर की मौत के मामले में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार काे सख्त कार्रवाई करते हुए सलेमपुर रोड स्थित जया हॉस्पिटल के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और जनरल वार्ड को सील कर दिया है। साथ ही जांच पूरी होने तक अस्पताल में गंभीर मरीजों की भर्ती पर रोक लगा दी है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता के निर्देश पर शुक्रवार को एसीएमओ डॉ. अजीत कुमार सिंह, नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौडिल्य और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अस्पताल पहुंचकर निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी करते हुए स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने तक गंभीर मरीजों को भर्ती नहीं किया जाएगा।

यह कार्रवाई भटनी थाना क्षेत्र की दक्षिणी रेलवे कॉलोनी निवासी 16 वर्षीय सागर उर्फ भूंवर की मौत के बाद की गई। आरोप है कि मंगलवार रात हतवा बाजार में पुराने विवाद के चलते दिलकुश नाम के युवक ने सागर के पेट में चाकू मार दिया था। गंभीर हालत में उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

परिजनों का आरोप है कि रास्ते में एक निजी एंबुलेंस चालक उन्हें बहला-फुसलाकर जया हॉस्पिटल ले गया। उनका कहना है कि अस्पताल में ऑपरेशन के नाम पर रातभर में करीब 18 यूनिट खून मंगाया गया, लेकिन बुधवार सुबह सागर की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया था।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए समिति गठित की जाएगी। समिति की रिपोर्ट आने तक अस्पताल में गंभीर मरीजों की भर्ती पर रोक रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में चिकित्सकीय लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित अस्पताल के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक