सीईटीपी शुल्क न चुकाने वाली टेनरियों पर हो कार्रवाई : जितेंद्र प्रताप सिंह

 


कानपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। संचालन एवं अनुरक्षण शुल्क का भुगतान नहीं करने वाली टेनरी इकाइयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और जाजमऊ स्थित 20 एमएलडी सीईटीपी के पाइपलाइन व मैनहोल से जुड़े शेष कार्यों की संयुक्त रिपोर्ट दो दिन में प्रस्तुत की जाए। यह निर्देश जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में सीईटीपी परियोजना की समीक्षा बैठक के दौरान दिए।

उन्होंने कहा कि परियोजना के सभी लंबित कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। पाइपलाइन और मैनहोल से संबंधित शेष कार्यों की स्थिति पर यूपीपीसीबी और प्रोजेक्ट इंजीनियर संयुक्त रूप से रिपोर्ट तैयार करें। रिपोर्ट को सचिव, जेटेटा से सत्यापित कराने के बाद दो दिवस में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सीईटीपी से निकलने वाले सॉलिड वेस्ट और स्लज के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने इनके सुरक्षित और नियमानुसार निस्तारण पर जोर देते हुए पर्यावरणीय मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा।

परियोजना के अन्य लंबित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित कांट्रेक्टर को तय समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और सभी प्रक्रियाएं निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी की जाएं।

ओएंडएम शुल्क की समीक्षा के दौरान सामने आया कि कुछ टेनरी इकाइयों ने बिलों का भुगतान नहीं किया है। इस पर जिलाधिकारी ने यूपीपीसीबी को ऐसी इकाइयों के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने अब तक हुए कार्यों और शेष काम की जानकारी भी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप