25 हजार के इनामी हत्यारोपित गिरफ्तार
गोरखपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गगहा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने हत्या के एक पुराने मामले में करीब 11 वर्षों से वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त राजदेव प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त गगहा थाना क्षेत्र के सोहगौरा गांव का निवासी है। पुलिस उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मामला वर्ष 2014 का है। 13 दिसंबर 2014 को आरोपी राजदेव प्रजापति ने वादी के पिता को दावत के लिए बुलाया था। आरोप है कि दावत में भोजन में जहरीला पदार्थ मिलाकर उन्हें खिला दिया गया। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और उनकी मृत्यु हो गई। घटना के संबंध में मिली तहरीर के आधार पर गगहा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में वांछित चल रहे राजदेव प्रजापति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुराने और लंबित मामलों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गगहा पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय