गैस एजेंसी की लापरवाही पर सख्ती, लाइसेंस निलंबन की संस्तुति : राजेश कुमार
कानपुर, 18 मार्च (हि.स.)। उपभोक्ताओं को समय से गैस उपलब्ध कराना एजेंसियों की जिम्मेदारी है और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जांच में सहयोग न करने और अनियमितताएं मिलने पर पुष्पा गैस एजेंसी के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की गई है। यह बातें बुधवार को अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) राजेश कुमार ने कहीं।
घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर मिल रही शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने खलासी लाइन स्थित पुष्पा गैस एजेंसी पर औचक छापेमारी की। जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी कर्नलगंज व नवाबगंज तथा पूर्ति निरीक्षक कोतवाली व कर्नलगंज की संयुक्त टीम ने एजेंसी के शोरूम और कार्यालय की जांच की।
छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में उपभोक्ता मौके पर मौजूद मिले, जिन्होंने समय से गैस न मिलने पर नाराजगी जताई। जांच के समय एजेंसी का प्रोपराइटर और मैनेजर अनुपस्थित पाए गए। मौके पर मौजूद कर्मचारियों से गैस स्टॉक, आवंटन और वितरण से संबंधित अभिलेख मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। टीम ने उपभोक्ताओं के बयान भी दर्ज किए, जिनमें समय पर गैस आपूर्ति न होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद टीम जब मेनावती मार्ग स्थित गैस गोदाम पहुंची तो वह भी बंद मिला। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि एजेंसी द्वारा न केवल आपूर्ति में लापरवाही बरती जा रही थी, बल्कि जांच में भी सहयोग नहीं किया गया। इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, लखनऊ के क्षेत्रीय प्रबंधक को एजेंसी के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति भेजी गई है।
वहीं, जिला पूर्ति कार्यालय के कंट्रोल रूम पर प्राप्त शिकायतों में कमी दर्ज की गई है। 18 मार्च को कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से आठ का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि शेष पर कार्रवाई जारी है। साथ ही पूर्व की 38 शिकायतों का भी समाधान किया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि जनपद में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप