एफडीडीआई फुरसतगंज का कीर्तिमान, मिले नए कोर्स

 




अमेठी, 23 मार्च (हि.स.)। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन संचालित राष्ट्रीय महत्व के संस्थान फुटवेयर डिजाइन एन्ड डेवलपमेंट इंस्टिट्यूट (एफडीडीआई) फुरसतगंज परिसर में सोमवार को प्रेस वार्ता में आगामी प्रवेश प्रक्रिया और छात्र हित से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यकारी निदेशक सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 संस्थान के लिए अत्यंत उत्साहजनक रहा है। इस दौरान कुल प्रवेश संख्या में 400 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि पिछले सत्र में शुरू किए गए एमबीए इन रिटेल मर्चेंडाइज कोर्स की सभी 30 सीटों पर शत-प्रतिशत नामांकन हुआ। उन्होंने कहा कि नए सत्र में संस्थान अपनी प्रगति को और तेज करेगा। इस वर्ष “स्कूल ऑफ लेदर गुड्स एंड एक्सेसरीज डिजाइन” की शुरुआत की जा रही है, जिसके अंतर्गत 4 वर्षीय “लेदर लाइफ स्टाइल एंड प्रोडक्ट डिजाइन” कोर्स 30 सीटों के साथ शुरू होगा। साथ ही एमबीए कोर्स में छात्रों की बढ़ती मांग को देखते हुए 10 सीटों की वृद्धि की जा रही है।

द्विवेदी ने बताया कि फुरसतगंज परिसर का सत्र 2024-25 में प्लेसमेंट 100 प्रतिशत रहा, जबकि वर्तमान सत्र 2025-26 में अब तक लगभग 90 प्रतिशत प्लेसमेंट हो चुका है और शेष प्रक्रिया जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष भी प्लेसमेंट 100 प्रतिशत तक पहुंचेगा। संस्थान की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि फुटवियर विभाग द्वारा तैयार किया गया विशेष कार्विंग शू कानपुर लेदर फेयर और इंटरनेशनल चेन्नई लेदर फेयर में आकर्षण का केंद्र रहा। अब इसके व्यावसायीकरण की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न संस्थाएं जैसे डीजीआर, केवीआईसी और एमएसएमई भी प्रशिक्षण के लिए एफडीडीआई से सम्पर्क कर रही हैं, जो संस्थान की बढ़ती साख और प्रशिक्षण क्षमता को दर्शाता है।

नए सत्र में “बास्केट ऑफ कोर्सेस” की शुरुआत की जा रही है, जिसमें छात्र अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार विभिन्न स्पेशलाइजेशन का चयन कर सकेंगे। छात्रों से अपील करते हुए द्विवेदी ने कहा कि जो विद्यार्थी 12वीं या स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा दे रहे हैं और रोजगारपरक एवं हुनर आधारित कोर्स की तलाश में हैं, उन्हें एफडीडीआई के पाठ्यक्रमों पर अवश्य विचार करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक विद्यार्थी एफडीडीआई की वेबसाइट पर जाकर जल्द से जल्द पंजीकरण करा लें। किसी भी समस्या की स्थिति में छात्र दिए गए संपर्क नंबरों पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी