सुलतानपुर में हत्यारोपित 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
सुलतानपुर, 17 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के थाना शिवगढ़ पुलिस ने जसवंत सिंह हत्याकांड के आरोपित को गिफ्तार कर लिया है। आरोपित कई महीने से फरार था। पुलिस ने 25 हजार का इनाम भी घोषित किया था।
लम्भुआ क्षेत्राधिकारी ऋतिक कपूर ने बुधवार को बताया कि पचीस हजार का इनामी आरोपित मान सिंह पुत्र बिन्देश्वर सिंह निवासी ग्राम भिटौरा, को आज थाना शिवगढ़ पुलिस टीम ने शम्भूगंज चौराहा से कामतागंज रोड के पास गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मान सिंह ने अपने पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर 28 मार्च 2026 को ग्राम भिटौरा निवासी जसवन्त सिंह पुत्र विजय बहादुर सिंह के साथ लाठी-डण्डों से मारपीट की थी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई थी। परिजन की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत किया गया था तथा घटना में शामिल अन्य पांच आरोपित वर्तमान में जेल में निरुद्ध हैं।
घटना के बाद से अभियुक्त मान सिंह फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे थे। गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने 25,000 रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। इसके अतिरिक्त माननीय न्यायालय ने 23 मई को को गैर जमानती वारंट तथा दिनांक 6 मई को धारा 84 बीएनएसएस के अंतर्गत मुनादी उद्घोषणा जारी की गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त