शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और मारपीट करने वाला आरोपित गिरफ्तार

 


जौनपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जलालपुर थाना अंतर्गत पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, गाली-गलौज और मारपीट के आरोपित युवक को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

क्षेत्राधिकारी केराकत अजय कुमार राय ने बताया कि पांच अगस्त को पीड़ित की तहरीर पर जलालपुर थाना में ग्राम नेवादा निवासी विशाल चौधरी (25) के विरुद्ध शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रकरण की विवेचना महिला उपनिरीक्षक चिंता राय कर रही हैं।

विवेचना के दौरान गुरुवार को महिला उपनिरीक्षक चिंता राय एवं हेड कांस्टेबल अखिलेश सिंह ने आरोपित विशाल चौधरी को जनहित स्कूल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव