गांधी परिवार से ताल्लुक के चलते ही 'एक्सीडेंटल सांसद' हैं राहुल गांधी : दिनेश प्रताप सिंह
बहराइच, 06 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कृषि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और बहराइच जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने शनिवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वो एक्सीडेंटल सांसद हैं।
मंत्री इतने पर ही नहीं रुके उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और देश की जनता राहुल गांधी को गम्भीरता से नहीं लेती।
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह जिले के प्रभारी नियुक्त होने के बाद पहली बार बहराइच पहुँचे थे। उन्होंने विकास भवन में औचक निरीक्षण से दिन की शुरुआत की। इसके बाद वे महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय पहुँचे और वार्डों में घूम-घूम कर उनका हाल जाना। उन्होंने मरीजों से मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं दवा एवं अन्य जानकारी भी प्राप्त की।
इसके बाद कृषि राज्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विकास कार्यों एवं जनकल्याण कारी योजनाओं की समीक्षा भी की। मेडिकल कॉलेज में निरीक्षण के दौरान पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को राजनीति या भारतीय संस्कृति का ज्ञान नहीं है। वे सिर्फ गांधी परिवार से सम्बंधित होने के चलते ही एक्सीडेंटल सांसद हैं।
इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत मंजू सिंह, भाजपा विधायक सुरेश्वर सिंह,सुभाष त्रिपाठी, सरोज सोनकर एमएलसी डॉ प्रज्ञा त्रिपाठी व पद्मसेन चौधरी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA