खड़ी बस में पीछे से घुसा तेज रफ्तार ट्रक, दो चालकों की मौत
बाराबंकी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। महादेव पुरवा पुल के पास किलोमीटर संख्या 52.7 पर सड़क किनारे खड़ी बस में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के दोनों चालक वाहनों के बीच फंस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बस में सवार कई यात्री भी चोटिल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली से बिहार जा रही बस को सुबह करीब पांच बजे चालक ने किसी तकनीकी खराबी की आशंका के चलते एक्सप्रेस-वे के किनारे रोक दिया था। बस के चालक अक्षय कुमार यादव और बीरचंद्र राय पीछे की ओर गए थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बस में टक्कर मार दी। दोनों चालक बस और ट्रक के बीच दब गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
हादसे के समय बस में करीब 80 यात्री सवार थे। दुर्घटना में चार यात्रियों के घायल होने की जानकारी है। वहीं, ट्रक चालक और परिचालक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अमेठी रेफर किया गया। मृतकों की पहचान अक्षय कुमार यादव (25) निवासी जठीय, मधुबनी, बिहार और बीरचंद्र राय (45) निवासी करहरिया बुजुर्ग, गुरौल, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रोडवेज प्रशासन के अमिताभ राय ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर ट्रक चालक को नींद आने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सुबेहा थाना प्रभारी बेचू यादव ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को अस्पताल भेजने के साथ ही मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
-----------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी