सुलतानपुर : आमने-सामने मोटर साईकिल टक्कर में तीन घायल, दो की मौत

 


सुलतानपुर, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के बल्दीराय थानाक्षेत्र के पूरे चंद्रिका मिश्रा गाँव के नहर पर दो मोटर साईकिल की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला, एक बच्चा और एक अन्य बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया ।

बल्दीराय थानाक्षेत्र के पूरे चंद्रिका मिश्रा गाँव के नहर पर दो मोटर साईकिल सवार की आमने सामने टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय ले जाया गया, जहां से एक घायल को सुलतानपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

मृतकों की पहचान अयोध्या निवासी सुरेशचंद्र मिश्रा (45) और अमेठी निवासी राम पटेसर (65) के रूप में हुई है। घायलों में अमेठी निवासी तिलकराज (43) और हिमांशी पाठक (16) शामिल हैं। तिलकराज को सुलतानपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

क्षेत्राधिकारी बल्दीराय अशुतोष कुमार ने बताया कि हादसे की मुख्य वजह लापरवाही मानी जा रही है। बताया गया है कि दोनों बाइक चालकों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण सिर में गंभीर चोटें आईं और दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त