सुलतानपुर : बोलेरो वाहन ने तीन महिला को रौंदा, एक की मौत व दाे गंभीर
सुलतानपुर, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के कोतवाली नगर के केंद्रीय विद्यालय के निकट गुरुवार की सुबह मॉनिग वाक पर निकलीं तीन महिलाओं को एक अज्ञात बोलेरो वाहन ने राैंद दिया। इस हादसे में एक महिला की माैके पर मौत हो गयी, जबकि गंभीर रूप से घायल अन्य दाे महिलाओं काे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
नगर के अमहट निवासी दीपिका गुप्ता अपनी दो सहेलियों स्नेहलता पाण्डेय और पूनम तिवारी के साथ गुरुवार को सुबह कर्मयोगी नगर मोहल्ले से मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। मौहरिया रोड के पास पीछे से आ रही एक अज्ञात बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपिका गुप्ता (32 ) पत्नी अजय आनंद गुप्त निवासी अमहट की मौके पर ही मौत हो गई। वह अनुदेशक के पद पर कार्यरत थीं । उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें 9 वर्षीय ओजस और 5 वर्षीय सिवांजय शामिल हैं। अन्य दोनों महिलाएं कर्मयोगी नगर, महुअरिया, अमहट, सुल्तानपुर की निवासी हैं। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित फरार हो गया।
क्षेत्राधिकारी सौरभ सामंत ने गुरुवार को बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार बोलेरो चालक की तलाश सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त