सुलतानपुर : आंधी पानी के बीच पेड़ गिरने से एक की मौत, एक घायल

 


सुलतानपुर, 03 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में रविवार सुबह तेज आंधी और बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। वहीं, कुछ नुकसान और जनहानि की घटना सामने आयी है। तेज आंधी में धनपतगंज क्षेत्र के रामनगर गांव में चक्की पर पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।

धनपतगंज के रामनगर गांव में अजीत सिंह (55) की चक्की के ऊपर खड़े महुआ के पेड़ की एक भारी डाल अचानक टूटकर गिर गई। इस हादसे में अजीत सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, नरेंद्र सिंह (62) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया।थानाध्यक्ष अंजू मिश्रा ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव काे पेास्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना का संज्ञान लेकर मामले की जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि तेज बारिश के कारण आज सुबह शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़कों से लेकर घरों तक पानी भर गया। नवीन मंडी अमहट भी पानी से लबालब हो गई। देहली बाजार स्थित नंद ऑयल मिल पर लगे सोलर पैनल भी सुबह की तेज आंधी में उखड़ गए।

पांच दिन पहले आए तूफान में भी जिले में सात लोगों की मौत हुई थी, जिससे प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को लेकर चिंता बढ़ गई है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त