सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर कंटेनर-टैंकर की टक्कर में एक की मौत

 


सुलतानपुर, 28 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को हलियापुर थाना क्षेत्र में एक कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े गैस टैंकर को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिसके चलते एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया गया था।

थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरी ने बताया कि यह घटना माइल स्टोन 87.500 पर हुई। (यूपी 15 सीटी 3002) नंबर का एक टैंकर सड़क किनारे खड़ा था। हरियाणा नंबर (एचआर 38 26102) का एक कंटेनर, जो गुरुग्राम से पटना जा रहा था। नींद के झपकी आने के कारण वह कंटेनर सड़क किनारे खड़े टैंकर से जा टकराया। टक्कर के कारण टैंकर से तरल पदार्थ सड़क पर फैल गया और गैस का रिसाव भी शुरू हो गया।

सूचना मिलते ही हलियापुर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरी और उनकी टीम ने राहत-बचाव कार्य किया। इस दाैरान एहतियातन, एक्सप्रेस-वे पर यातायात को कुछ समय के लिए रोककर डायवर्ट कर दिया गया ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। दमकल कर्मी गैस रिसाव को रोकने के प्रयास में जुटे रहे।

थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान सुलतानपुर के दोस्तपुर थाना क्षेत्र निवासी धर्मेंद्र के रूप में हुई है। घायल व्यक्ति को एम्बुलेंस की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अयोध्या भेजा गया है। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है कि टैंकर सड़क किनारे किस परिस्थिति में खड़ा था और टक्कर मारने वाले ट्रक की रफ्तार कितनी थी।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त