दर्दनाक हादसा : फुटब्रिज की सीढ़ियों में घुसी बाइक, नवविवाहिता की मौत

 


देवर-देवरानी गंभीर घायल

झांसी, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में नवाबाद थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर हाईवे पर कोछाभांवर गांव के पास रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक नवविवाहिता की मौत हो गई, जबकि उसका देवर और देवरानी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर के नगरा निवासी रामकिशोर बाल्मीकि की 20 वर्षीय बेटी साक्षी की शादी दिसंबर 2024 में गुरसराय के कटरा मोहल्ला निवासी पंकज बाल्मीकि से हुई थी। पंकज नगर पालिका में ठेका कर्मी के रूप में कार्यरत है। रविवार को साक्षी अपने मायके में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने देवर अनुराग और देवरानी रक्षा के साथ बाइक से झांसी आ रही थी।

रास्ते में कोछाभांवर गांव के पास बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और हाईवे किनारे बने फुटब्रिज की सीढ़ियों में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने साक्षी को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक बाइक चला रहे अनुराग ने वाहन की टंकी पर एक बड़ा बैग रखा हुआ था। आशंका है कि बैग के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और यह दुर्घटना हुई। घायल अनुराग की हालत भी गंभीर बताई जा रही है, जबकि रक्षा का इलाज जारी है।

मृतका के पिता रामकिशोर ने बताया कि परिवार बेटी के मायके आने का इंतजार कर रहा था, तभी हादसे की सूचना मिली। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर परिजनों को साक्षी का शव मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया। साक्षी चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। उसके पिता नगर निगम में संविदाकर्मी हैं।

हादसे के बाद बाइक फुटब्रिज की सीढ़ियों के नीचे बुरी तरह फंस गई थी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में ट्रैक्टर की मदद से बाइक को बाहर निकाला गया। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया