मोटर साइकिल सवार युवती की अज्ञात वाहन की चपेट मे आने से मौत, मां एवं भाई घायल
सुलतानपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के गोसाईगंज थानाक्षेत्र के बमरौली स्थित ऋषिराज महाविद्यालय के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने मोटर साइकिल सवार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार पहुंचाया गया। जहांं चिकित्सक डॉ. पर्येश दीक्षित ने जांच के बाद रजनी को मृत घोषित कर दिया।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र निवासी हीरा लाल कसौधन की पत्नी पूनम अपनी बेटी रजनी (22) और एक भतीजे के साथ रविवार सुबह गुप्तारगंज से घर लौट रही थीं। गोसाईगंज थानाक्षेत्र के बमरौली स्थित ऋषिराज महाविद्यालय के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने मोटर साइकिल सवार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क हादसे मे युवती रजनी कसौधन की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में रजनी की मां पूनम और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल पूनम और उनके भतीजे को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। रजनी कसौधन की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
अस्पताल से सूचना मिलने पर कूरेभार पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है । पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त