चार पहिया वाहन की टक्कर से मोटर साइकिल सवार अधेड़ की मौत, बेटा घायल
सुलतानपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के शंभूगंज-भरथरे मार्ग पर सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में ट्रक चालक विजय उपाध्याय की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उनके बेटे ध्रुव उपाध्याय को मामूली चोटें आई हैं।
शिवगढ़ के गौहानी निवासी विजय उपाध्याय (40) मोटर साइकिल से आ रहे थे। भरथरे के पास अनियंत्रित बोलेरो गाड़ी ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। उनके साथ बेटा ध्रुव उपाध्याय (16) भी था। दोनों घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस दोनों पिता-पुत्र को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गई, जहां डॉक्टरों ने विजय उपाध्याय को मृत घोषित कर दिया। ध्रुव उपाध्याय को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लंभुआ क्षेत्र अधिकारी ऋतिक कपूर ने सोमवार को बताया कि वाहन सहित वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्यवाही की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त