सुल्तानपुर सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत
सुलतानपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के लखनऊ-बलिया राजयमार्ग पर बुधवार तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के करौंदी निवासी अमर बहादुर (30) अपनी मां ममता देवी (55 ) को मोतिगरपुर में दवा दिलाने जा रहा था। दोपहर मे जब वे शाहपुर लपटा के पास पहुंचे, तभी जौनपुर से सब्जी पहुंचाकर लौट रही एक पिकअप ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक एक पेड़ से टकराने के बाद दीवार से टकरा गई। हादसे में अमर बहादुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां काे गंभीर चाेटें आई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से महिला काे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतिगरपुर पहुंचे। वहां पर उनकी चिंताजनक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही ममता देवी ने भी दम तोड़ दिया।
थाना प्रभारी अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि अमर बहादुर चंडीगढ़ में फर्नीचर का काम करता था और तीन दिन पहले ही घर आया था। वह अपने दो भाइयों विजय और अजय में सबसे बड़ा था। उसके पिता राम तीर्थ और मां गांव में रहते थे। अमर बहादुर की पत्नी अर्चना और डेढ़ साल का एक बेटा अयांश है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
--------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त