तेज़ रफ़्तार ट्रैक्टर से कुचलकर बेटी की मौत, मां घायल
फतेहपुर, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गाजीपुर थाना क्षेत्र में रविवार को सड़क किनारे खड़ी मां बेटी को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया। इस हादसे में बेटी की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना देख पंप से बाइक में पेट्रोल भरवा रहे बेटे के होश उड़ गए। पुलिस ने चालक को ट्रैक्टर समेत पकड़ते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के चक काजीपुर निवासी प्रियांशु अपनी मां अनीता देवी(40) और बहन अंशिका (18) को बाइक से औरैया गांव दवा दिलाने मोटरसाइकिल से जा रहा था। रास्ते में असोथर रोड स्थित बवारा पेट्रोल पंप के पास उसने अपनी मां और बहन को सड़क किनारे खड़ा कर वह मोटरसाइकिल में पेट्रोल डलवाने चला गया। इसी दौरान असोथर की ओर से तेज़ रफ़्तार आ रहा ओवरलोड मोरंग लदा ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ी मां-बेटी को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक घबराकर ट्रैक्टर लेकर भागने लगा, लेकिन आगे खड़े डंपर में पीछे से टक्कर मार दी। घटना देख प्रियांशु मौके पर पहुंचा और पुलिस व परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने अंशिका को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल मां अनीता देवी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मृतका के पिता रामप्रकाश विश्वकर्मा दिल्ली में कार पेंटिंग का काम करते हैं और घटना की सूचना मिलते ही घर के लिए रवाना हो गए हैं। परिवार में बहन रासी, आरुषि, अन्नया, नैंसी और भाई प्रियांशु सहित सभी परिजन शोक में डूब गये।
थानाध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण हादसा होना बताया जा रहा है। मामले की जांच कर रही है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार