सुलतानपुर में अनियंत्रित हाेने से वाहन दुर्घटनाग्रस्त , दो लाेगाें की मौत
सुलतानपुर, 30 अप्रैल (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के बंधुआ कला थाना के लखनऊ-सुलतानपुर हाईवे पर खोखीपुर बाईपास के पास गुरुवार सुबह एक टाटा 407 वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें कटर की मदद से बाहर निकाला गया।
मृतकों की पहचान अमेठी जनपद के नारायणपुर थाना भाले सुलतान निवासी शिवनाथ पुत्र राम मनोहर और बाजार शुक्ला थाना क्षेत्र के पूरे भरोसे का पुरवा निवासी शाह प्रसाद पुत्र शिव बहादुर के रूप में हुई है। दोनों दिल्ली से इलाहाबाद प्रदर्शनी का सामान लेकर जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के परिजन भी दूसरी गाड़ी से आगे जा रहे थे, जो सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गए।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने गुरुवार को बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दुर्घटना किस वाहन से हुई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से जानकारी हासिल कर आरोपी वाहन चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मामले की जांच-पड़ताल जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त