इंटर व डिग्री कॉलेजों में इकाई गठन करेगा एबीवीपी,दी गई जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश, बलरामपुर 04 जुलाई (हि.स.)। जनपद के नगर तुलसीपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) नगर इकाई तुलसीपुर की बैठक हुई है। इसमें आगामी कार्यक्रमों को लेकर पदाधिकारियों की जिम्मेदारी दी गई है।
दीप नारायण सिंह डिग्री कॉलेज में नगर अध्यक्ष मुन्नू तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों, कॉलेज इकाई गठन, नगर इकाई विस्तार तथा सदस्यता अभियान को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। पदाधिकारी अमन गुप्ता ने बताया कि नगर क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थानों में संगठन को मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि तुलसीपुर नगर क्षेत्र में पांच इंटर कॉलेज एवं तीन डिग्री कॉलेज सहित कुल आठ प्रमुख शिक्षण संस्थान हैं। एबीवीपी इन सभी कॉलेजों में नई इकाइयों का गठन करेगी। इसके लिए परिषद के पदाधिकारी लगातार विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जाकर छात्र-छात्राओं से संपर्क कर रहे हैं तथा उन्हें संगठन की विचारधारा, राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका और परिषद की गतिविधियों से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।
नगर अध्यक्ष मुन्नू तिवारी ने कहा कि कॉलेज इकाई गठन अभियान को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रत्येक पदाधिकारी अपने निर्धारित शिक्षण संस्थान में नियमित संपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को परिषद से जोड़ने का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्र हितों की रक्षा, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जागरूकता तथा राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से निरंतर कार्य करती रही है और नए शैक्षणिक सत्र में संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई। नगर इकाई के विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने तथा सभी आठों शिक्षण संस्थानों में निर्धारित समय के भीतर इकाई गठन का लक्ष्य पूरा करने का संकल्प पदाधिकारियों ने लिया।
इस दौरान तहसील प्रमुख डॉ. पवन शर्मा, नगर मंत्री रोहित सिंह सहित परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन