संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता के समर्थन में अभाविप का प्रदर्शन

 




जौनपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के समर्थन में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मुक्तांगन परिसर से विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार तक रैली निकालकर नारेबाजी की और पुतला जलाया।

प्रदर्शन के दौरान अभाविप के प्रांत कार्यसमिति सदस्य हर्षवर्धन चौरसिया ने कहा कि निर्वाचन आयोग और न्यायालय जैसी संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना आवश्यक है। चुनाव सुधारों पर असहमति जताने के लिए संवैधानिक और कानूनी मंच उपलब्ध हैं। राजनीतिक विरोध के नाम पर हिंसा और अव्यवस्था को बढ़ावा देना उचित नहीं है। युवाओं और विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

बीकॉम द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी राज सिंह ने कहा कि चुनाव सुधारों से जुड़े मुद्दों पर तथ्यों के आधार पर चर्चा होनी चाहिए। वहीं, बीएससी के विद्यार्थी सार्थक सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारी और अनुशासन भी जरूरी है। एसआईआर जैसी प्रक्रियाओं पर स्वस्थ चर्चा से लोगों के बीच भ्रम की स्थिति दूर की जा सकती है।

अभाविप ने कहा कि निर्वाचन आयोग स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने वाली स्वायत्त संवैधानिक संस्था है। चुनाव संबंधी किसी प्रक्रिया पर आपत्ति होने पर निर्धारित कानूनी माध्यमों से अपनी बात रखी जा सकती है। परिषद ने युवाओं और नागरिकों से संवैधानिक मर्यादाओं एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

प्रदर्शन में विभाग संगठन मंत्री अश्वनी कुमार सिंह, विश्वविद्यालय विस्तारक शैलेंद्र बहादुर यादव, हर्ष साहू, नवनीत गुप्ता, नवनीत त्रिपाठी, गुलशन सिंह, विमल सिंह, अवधेश तिवारी, विपुल सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव