अवध प्रान्त में साढ़े आठ लाख सदस्य बनायेगी एबीवीपी

 






लखनऊ, 09 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी (अभाविप) परिषद इस समय देशभर में सदस्यता अभियान चला रही है। अभाविप कार्यकर्ता इण्टर कालेज, महाविद्यालय व विश्वविद्यालयों में जाकर सदस्यता करा रहे हैं। अभाविप के प्रान्त संगठन मंत्री अभिलाष ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि अवध प्रान्त में सदस्यता के लिए 3242 कैंपस चिन्हित किये गये है। इन स्थानों पर परिषद के 4000 कार्यकर्ता जाकर सदस्यता करायेंगे।

सदस्यता का दूसरा चरण शुरू

अभाविप कार्यकर्ता इस बार सदस्यता दो चरणों में करा रहे हैं। इसमें पहला चरण 18 अगस्त से 30 अगस्त तक रहा। इस दौरान प्रान्त के इण्टर कालेजों में अभाविप की सदस्यता कराई गयी। अब सदस्यता के दूसरे चरण में महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों के छात्रों की सदस्यता कराई जा रही है। 05 अक्टूबर तक सदस्यता चलेगी।

अभाविप के प्रान्त मंत्री अर्पण कुशवाहा के अनुसार गत वर्ष 05 लाख 92 हजार सदस्यता थी। इस बाद साढ़े आठ लाख का लक्ष्य लिया गया है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी सदस्यता शुल्क पांच रूपये व शिक्षक सदस्यता शुल्क 100 रूपये है।

प्रांत संगठन मंत्री अभिलाष ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्रों के लिए काम करने वाला देशव्यापी संगठन है। समय-समय पर शैक्षणिक अव्यवस्था को लेकर भी परिषद के कार्यकर्ता आवाज उठाते हैं। कालेज व विश्वविद्यालयों के परिसर में नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को इससे बचाने की आवश्यकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन