अभिव्यंजना का 46वां वार्षिकोत्सव एवं सम्मान समारोह संपन्न

 


फर्रुखाबाद, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद मे ंसाहित्यिक सांस्कृतिक संस्था 'अभिव्यंजना' का 46वाँ वार्षिकोत्सव एवं सम्मान समारोह रविवार को बद्री विशाल महाविद्यालय, बढ़पुर, में संपन्न हुआ। स्व० डॉ० रजनी सरीन् को समर्पित इस वार्षिक उत्सव की अध्यक्षता प्रो. रामबाबू मिश्रा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में न्यायमूर्ति देवी प्रसाद सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंतर्गत हिन्दी भाषा एवं साहित्य को समृद्ध करने वाले विभिन्न सुधी मनीषियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस वर्ष सम्मानित होने वाले साहित्यकारों में राम अवतार शर्मा 'इन्दु' को अभिव्यंजना श्री सम्मान, राजकुमार सिंह (हरदोई) को राजर्षि पुरुषोत्तमदास टंडन सम्मान, डा० नागेश पाण्डेय 'संजय' (शाहजहाँपुर) को आचार्य वचनेश मिश्र सम्मान, प्रखर श्रीवास्तव (कानपुर) को ओम प्रकाश मिश्र कंचन सम्मान, भारती मिश्रा को महीयसी महादेवी वर्मा सम्मान, तथा अंचल सक्सेना को डा० रजनी सरीन सम्मान प्रदान किया गया।

इस सारस्वत अवसर पर सम्मान समारोह के अतिरिक्त महत्वपूर्ण साहित्यिक कृतियों का विमोचन एवं लोकार्पण भी किया गया। संस्था द्वारा पत्रिका 'अक्षरालोक' का विमोचन तथा लेखिका भारती मिश्रा के कहानी संग्रह 'स्पर्श' का लोकार्पण हुआ। इसके साथ ही लेखक भूपेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा रचित पुस्तक 'अग्निगाथा के नायक शहीद रामनारायण आजाद' की विस्तृत समीक्षा का कार्यक्रम भी संपन्न हुआ।

इस गरिमामय आयोजन को सफल बनाने में संस्था के समन्वयक भूपेन्द्र प्रताप सिंह, संरक्षक विनोद कुमार दुबे, संयोजक डा० कोयल सरीन्, तथा सह संयोजक द्वय निमिष टण्डन एवं वैभव सोमवंशी की सक्रिय भूमिका रही।

मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति डी० पी० सिंह ने भारतीय सभ्यता, संस्कृति और बाल साहित्य के संवर्द्धन पर जोर देते हुए शिक्षा व्यवस्था, सामाजिक मूल्यों और बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सारगर्भित विचार रखे। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, जिन्हें उच्च शिक्षा, पौष्टिक आहार और स्वस्थ सामाजिक वातावरण मिलना चाहिए। उन्होंने शिक्षाविहीन देश के मानसिक रूप से गुलाम रहने की बात पर बल देते हुए शिक्षा की स्थिति और सामाजिक सुधारों पर गहरी चिंता व्यक्त की तथा समाज के नैतिक उत्थान का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर