शिक्षा के बाजारीकरण पर सरकार लगाए रोक : अनित रावत

 




उप्र में प्राइवेट स्कूलों की मनमानी और फीस बढ़ोतरी के खिलाफ आप छात्र विंग का लखनऊ में प्रदर्शन

लखनऊ, 16 अप्रैल (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) उत्तर प्रदेश की छात्र विंग एएसएपी (एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स) ने गुरुवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ के परिवर्तन चौराहा, केडी सिंह मेट्रो स्टेशन के निकट निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि और शिक्षा के बढ़ते बाजारीकरण के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए फीस अधिनियम 2018 को सख्ती से लागू करने की मांग उठाई। उन्होंने अभिभावकों के शोषण पर तत्काल रोक लगाने की अपील की। छात्रविंग प्रदेश महासचिव अनित रावत के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर वाहनों से इको गार्डन भेज दिया गया।

इस दौरान छात्र विंग के प्रदेश महासचिव अनित रावत ने कहा कि उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से निजी स्कूलों के हवाले कर दी गई है। प्राइवेट स्कूल हर साल मनमाने ढंग से 20 से 30 प्रतिशत तक फीस बढ़ाकर अभिभावकों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं, लेकिन योगी सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। यदि जल्द ही इस लूट पर रोक नहीं लगाई गई तो आम आदमी पार्टी छात्र विंग प्रदेशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन छेड़ेगी।

प्रदेश महासचिव अनित रावत ने कहा कि फीस अधिनियम 2018 केवल कागजों तक सीमित रह गया है और उसका जमीनी स्तर पर कोई पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि सभी निजी स्कूलों पर सख्ती से निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि शिक्षा को बाजारीकरण की ओर ले जाया जा रहा है। निजी स्कूल अभिभावकों पर कॉपी, किताब, जूते और ड्रेस एक ही दुकान से खरीदने का दबाव बनाते हैं, जो पूरी तरह से गलत और अवैध है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस प्रकार की जबरन वसूली पर तुरंत रोक लगाई जाए और दोषी स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष अंशुल यादव, यशवीर सिंह सेंगर, आशीष मौर्य प्रदेश सचिव चंद्रजीत यादव, आकाश वर्मा ,नीरज गुप्ता, सलमान, सुरज, विकास , शाहिद, दिलशाद, पारूश,जिवन जोत, भीमराव शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा