चुनाव आयोग बार-बार वोटर लिस्ट बदल रहा : संजय सिंह

 


लखनऊ, 23 सितंबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची में बदलाव और देश की कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की। संजय सिंह ने यह भी कहा कि बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और महाराष्ट्र के चुनावों की समीक्षा कर उन्हें रद्द किया जाना चाहिए।

बुधवार को सोशल मीडिया पर जारी बयान में संजय सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग के दो आयुक्तों ने मतदाता सूची, फॉर्म-06 और चुनावी आंकड़ों से जुड़े फैसलों पर 10 महीने में 14 बार आपत्ति दर्ज की है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद फैसले एकतरफा तरीके से लिए गए।

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया को केंद्रीकृत करने से स्थानीय स्तर के अधिकारियों की भूमिका प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव आयोग के भीतर ही इस तरह की आपत्तियां दर्ज की गई हैं तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि ''अगर किसी विधानसभा क्षेत्र में हजारों मतदाताओं के नाम हट जाते हैं और जीत का अंतर उससे कम होता है तो चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।'' संजय सिंह ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मतदाता के अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय बताया।

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि पूर्व उप प्रधानमंत्री, पूर्व सेना प्रमुख और मुख्यमंत्रियों सहित कई लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि इसे केवल मतदाता सूची के पुनरीक्षण की सामान्य प्रक्रिया के तौर पर नहीं देखा जा सकता और ऐसे मामलों की स्वतंत्र जांच जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा