स्मार्ट मीटर के खिलाफ आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन, पदयात्रा निकालकर जताया विरोध

 






जौनपुर, 03 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ते जनविरोध के बीच आम आदमी पार्टी (आआपा) की जौनपुर इकाई ने रविवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कार्यालय से अंबेडकर तिराहे तक पदयात्रा निकालते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और स्मार्ट मीटर योजना को तत्काल बंद करने की मांग उठाई।पदयात्रा के दौरान “स्मार्ट मीटर चीटर है” और “स्मार्ट मीटर बंद करो” जैसे नारे लगाए गए।

कार्यकर्ताओं का आरोप था कि स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। कार्यक्रम के समापन पर कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर की प्रतीकात्मक चित्र जलाकर विरोध दर्ज कराया और सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रांत प्रभारी डॉ. अनुराग मिश्र ने कहा कि प्रदेश सरकार स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता, किसानों और गरीब तबके का आर्थिक शोषण कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत बिलिंग, प्रीपेड व्यवस्था और पारदर्शिता की कमी के कारण उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

जिलाध्यक्ष रामरतन विश्वकर्मा ने कहा कि जब तक इस जनविरोधी व्यवस्था को वापस नहीं लिया जाता, तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने इसे “जनता की जेब पर सीधा हमला” बताया।

जिला उपाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि स्मार्ट मीटर से घरेलू उपभोक्ताओं, खासकर महिलाओं की समस्याएं बढ़ी हैं और सरकार को इस व्यवस्था की तत्काल समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और तेज एवं व्यापक रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शन के बाद पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार सदर को ज्ञापन सौंपकर स्मार्ट मीटर योजना को तत्काल वापस लेने तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करने की मांग की।

प्रदर्शन में विनय यादव, अश्वनी श्रीवास्तव, अनिल यादव, सुभाष चंद्र गौतम, इस्लाम खान, बबलू गुप्ता, तीर्थराज यादव, लालेविंद, विनोद कुमार यादव, शिवांशु जायसवाल, हितेश कुमार, साजिद, शशि कुमार, इंद्रसेन यादव, सोम वर्मा, आर.के. चौधरी, सुनीता देवी, अनुराग सोनकर, धर्मवीर सोनकर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।---------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव