आंधी -तूफान में एक बुजुर्ग की मौत, दम्पति घायल
फतेहपुर, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बीती रात आंधी, तूफान और बारिश का कहर देखने को मिला। खागा तहसील में छप्पर गिरने से उसके नीचे सो रहे बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई और दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खागा तहसील प्रशासन द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण के बाद मृतक के परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
पहली घटना जिले के खागा तहसील क्षेत्र के सिलमी गांव की है जहां बुजुर्ग त्रिवेणी प्रसाद(72) छप्पर के नीचे सो रहे थे। रात में तेज आंधी तूफान के कारण छप्पर उनके ऊपर जा गिरा जहां मौके पर ही बुजुर्ग की मौत हो गई।
दूसरी घटना खागा तहसील क्षेत्र के अवसानपुर में हुई। नरेंद्र सिंह व उनकी पत्नी ज्ञानमती कोठरी में सो रहे थे। तेज आंधी व बारिश के कारण कोठरी अचानक गिर गई जिससे दोनों लोग मलबे में दब गये और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें ग्रामीणों की मदद से मलबे से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया है।
अपर जिलाधिकारी विनय पांडेय ने बताया कि तेज हवा के साथ बारिश हुई जिसमें घर का छप्पर गिरने से एक बुजुर्ग व्यक्ति त्रिवेदी प्रसाद(71) जो निवासी सिल्मी गढ़वा के थे छप्पर गिरने से दब कर मौत हो गई। देवी आपदा के अंतर्गत आर्थिक सहायता पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होते ही उनके वारिसों को उपलब्ध करा दी जाएगी। इसके अलावा ग्राम अवसानपुर मजरे कुरा में तेज हवा के कारण एक कोठरी गिरने से नरेंद्र सिंह व उसकी पत्नी ज्ञानमती घायल हो गए हैं जिन्हें चिकित्सा के लिए प्रयागराज भेजा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार