आम आदमी पार्टी ने विधि प्रकोष्ठ का संगठनात्मक विस्तार, मो.आसिफ बने प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष
लखनऊ, 5 नवंबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) उत्तर प्रदेश ने प्रदेश संगठन के विस्तार और मज़बूती के क्रम में बुधवार को विधि प्रकोष्ठ के नए पदाधिकारियों की घोषणा की है। यह मनोनयन प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह की स्वीकृति के बाद विधि प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष एवं लखनऊ हाईकोर्ट के एडवोकेट प्रखर श्रीवास्तव ने किया है।
इस महत्वपूर्ण पुनर्गठन में कई ज़िम्मेदार कार्यकर्ताओं को संगठन में नई और अहम भूमिकाएं सौंपी गई हैं। विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि संगठन में एडवोकेट मोहम्मद आसिफ नगरामी (लखनऊ) को विधि प्रकोष्ठ का प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है। नगरामी लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे हैं और पार्टी की नीतियों तथा जनसरोकारों को ज़मीनी स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उनकी यह मनोनयन संगठन के लिए एक सशक्त कदम है। इनके अलावा एडवोकेट राबेन्द्र कुमार पांडेय को प्रदेश महासचिव, एड. कमल किशोर मिश्रा को प्रदेश उपाध्यक्ष, एड. मोहम्मद आसिफ खान को प्रदेश सचिव, एड. अशोक यादव को अलीगढ़ जिलाध्यक्ष, एड. अनिल गुप्ता गोरखपुर जिलाध्यक्ष, एड. शिवा राम शुक्ला को गोंडा जिलाध्यक्ष व एड. संगम सिंह को देवरिया का जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष प्रखर श्रीवास्तव ने सभी नव मनोनीत पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी का विधि प्रकोष्ठ न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। हमें पूरा विश्वास है कि नई टीम संगठन की रीढ़ बनकर पार्टी के सिद्धांतों को मज़बूती से आगे बढ़ाएगी। यह संगठनात्मक विस्तार उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी के विधि प्रकोष्ठ को और अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा