बलरामपुर: आधार संशोधन व फैमिली आईडी के लिए ग्राम पंचायतों में लगेंगे विशेष शिविर
बलरामपुर 09 जून (हि.स.)। ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से दिलाने के लिए बलरामपुर जिला प्रशासन ने विशेष आधार संशोधन एवं फैमिली आईडी निर्माण शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने इस संबंध में मंगलवार को आदेश जारी किया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि ग्राम चौपालों एवं क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें आधार कार्ड में नाम, जन्मतिथि, पता, मोबाइल नंबर अथवा बायोमेट्रिक संबंधी त्रुटियां हैं। इन कमियों के कारण ई-केवाईसी एवं सत्यापन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही थी, जिससे पात्र लाभार्थी विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जा रहे थे। समस्या के समाधान के लिए विकास खंड बलरामपुर, गैसड़ी, गैड़ास बुजुर्ग, हरैया सतघरवा, पचपेड़वा, रेहरा बाजार, श्रीदत्तगंज, तुलसीपुर एवं उतरौला की ग्राम पंचायतों में तिथिवार विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
शिविरों में आधार कार्ड की त्रुटियों का संशोधन तथा फैमिली आईडी बनाने का कार्य किया जाएगा। सीडीओ ने बताया कि इसको लेकर अलग-अलग तिथि निर्धारित कर दी गई हैं। ग्रामीण अपने क्षेत्र के ग्राम पंचायत अधिकारी से भी इसको लेकर जानकारी कर सकते हैं। निर्देशों के अनुसार, ग्राम पंचायत सचिव, पंचायत सहायक एवं आधार मशीन ऑपरेटर निर्धारित तिथि पर सुबह 10 बजे से शिविर स्थल पर उपस्थित रहेंगे। शिविर तब तक संचालित होंगे, जब तक सभी उपस्थित लोगों का कार्य पूरा नहीं हो जाता। तकनीकी सहायता के लिए ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर प्रतीक नरेश को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जिनकी फैमिली आईडी नहीं बनी है या आधार कार्ड में त्रुटियां हैं, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर अपना कार्य पूर्ण कराएं।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन