यूपी की 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी: शाकिर अली उस्मानी

 


कानपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारत बचाओ मोर्चा के घटक दल उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन ने 100 छात्र नेताओं को प्रत्याशी बनाने का निर्णय किया है। महिलाओं को 40 प्रतिशत भागीदारी देने के साथ विभिन्न सामाजिक वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की बात कही गई है। यह जानकारी शुक्रवार को भारत बचाओ मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक आरएस मानव और सह संयोजक शाकिर अली उस्मानी ने संयुक्त बयान में दी।

दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि मोर्चा परिवारवाद, पूंजीवाद, भ्रष्टाचार, जातिवाद और धर्म के आधार पर राजनीति करने वाले दलों के खिलाफ विकल्प के रूप में चुनाव मैदान में उतरेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 80 आरक्षित विधानसभा सीटों पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षण व्यवस्था यथावत रखने की बात कही गई है।

मोर्चा की ओर से मुस्लिम समाज को उनकी आबादी के अनुपात में 80 सीटों पर चुनाव लड़ाने का फैसला बताया गया है। इसके अलावा ईसाई, सिख, बौद्ध और जैन समाज को भी उनकी आबादी के अनुपात में राजनीतिक भागीदारी देने की बात कही गई है। भारत बचाओ मोर्चा में मानवतावादी समाज पार्टी, लोकदल, सत्यक्रांति पार्टी, राष्ट्रीय जनमत पार्टी, भारतीय हरित पार्टी, भारतीय रिपब्लिकन पार्टी, विश्व कल्याण राष्ट्रीय मानव समाज पार्टी, अर्जक अधिकार दल और मानव क्रांति पार्टी समेत अन्य दल शामिल होने की जानकारी दी गई।

मोर्चा के अनुसार अब तक बनारस, गाजीपुर, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर नगर और मुजफ्फरनगर में करीब छह बैठकें हो चुकी हैं। प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया जारी है। दिसंबर के पहले सप्ताह तक घटक दल अपने-अपने प्रत्याशियों की सूची राष्ट्रीय संयोजक आरएस मानव को सौंपने की बात कही गई है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप