भाजपा में ही है कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व और कौशल विकास के लिए नियमित प्रशिक्षण की परंपरा : डॉ. सतीश द्विवेदी

 




गोरखपुर, 07 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को रानीडीहा स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर संचालन समिति एवं व्यवस्था समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने की।

उल्लेखनीय है कि भाजपा जिला इकाई द्वारा 17 एवं 18 मई 2026 को सहजनवा स्थित ग्रेनविया रिसॉर्ट में जिला प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले भर के कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों, पार्टी की नीति-रीति एवं जनसंपर्क के विभिन्न आयामों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं जिला प्रशिक्षण वर्ग के प्रभारी डॉ. सतीश द्विवेदी ने संचालन एवं व्यवस्था में लगे पदाधिकारियों को उनके दायित्वों और आगामी तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जहां कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व और कौशल विकास के लिए नियमित प्रशिक्षण की सशक्त परंपरा है।

डॉ. द्विवेदी ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति समर्पण, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि संगठन पर्व के माध्यम से कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां मिलती हैं और प्रशिक्षण वर्ग उन्हें उन दायित्वों को कुशलतापूर्वक निभाने की क्षमता प्रदान करता है। प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं की वैचारिक चेतना को मजबूत करने के साथ-साथ उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अधिक उत्तरदायी बनाता है।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का प्रशिक्षण मॉडल केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कार्यकर्ताओं को सामाजिक सरोकारों, सेवा भाव और राष्ट्र निर्माण के लिए भी प्रेरित करता है। प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने वाला प्रत्येक कार्यकर्ता कुछ न कुछ नया सीखकर निकलता है, जो संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक होता है।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने प्रशिक्षण वर्ग को भव्य एवं सफल बनाने के लिए संचालन समिति और व्यवस्था समिति की अलग-अलग टोलियां गठित कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ल को व्यवस्था प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा जिला प्रशिक्षण वर्ग अभियान संयोजक एवं पिछड़ा आयोग सदस्य डॉ. आरडी सिंह, सह संयोजक हरिकेश राम त्रिपाठी, पूर्व जिला महामंत्री दीपक सिंह, जिला मंत्री चंचला शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष छोटेलाल मौर्य, जिला महामंत्री राजाराम कन्नौजिया, उमाशंकर निषाद, योगेश प्रताप सिंह, कृष्णपाल सिंह, ब्रह्मानन्द शुक्ल, धर्मेन्द्र कुमार मिश्र, मनोज सिंह, राम उजागिर शुक्ल, राकेश चौधरी, अभिमन्यु मौर्य, नारायण दत्त ओझा, के.एम. मझवार, अनिल कुमार, उमेश कुमार यादव, देवानन्द शुक्ल एवं राम बुझारत पासी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय