अक्षय नवमी पर कान्हा की नगरी में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई पंचकोसीय परिक्रमा

 






भोर से ही परिक्रमा मार्ग पर लगी भक्तों की कतारें, राधे-राधे और जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजी धर्मनगरी

दूर-दराज के जिलों से पहुंचे श्रद्धालु, यातायात व्यवस्था चरमराने से सड़कों पर दिखा वाहनों का दबाव

पौराणिक मान्यता: कंस वध से पूर्व श्रीकृष्ण ने किए थे नगर के चारों कोनों पर स्थित शिवालयों के दर्शन

मथुरा, 18 नवम्बर(हि.स.)। अक्षय नवमी के पावन पर्व पर बुधवार को कान्हा की नगरी भक्ति, श्रद्धा और आस्था के रंग में सराबोर नजर आई। अक्षय पुण्य प्राप्त करने की कामना को लेकर मंगलवार शाम से ही शुरू हुआ परिक्रमा का यह दौर बुधवार को भी पूरे उत्साह के साथ देरसायं तक निरंतर जारी रहा। इस पुण्य अवसर पर मथुरा मथुरा के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों तथा हाथरस, अलीगढ़, आगरा और भरतपुर जैसे पड़ोसी जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। परिक्रमा मार्ग पर उमड़े जनसैलाब में सबसे अधिक संख्या महिलाओं और बच्चों की रही।

बुधवार की सुबह तड़के कई श्रद्धालुओं ने ऐतिहासिक विश्राम घाट पर पवित्र यमुना स्नान कर विधिवत पूजन-अर्चन किया। इसके पश्चात गऊघाट क्षेत्र व भूतेश्वर महादेव मंदिर के आसपास अक्षय नवमी पर परिक्रमा करते श्रद्धालु मार्ग पर भक्तों का रेला लगातार बढ़ता चला गया। हाथों में पूजा की थाली, मुख पर राधे-कृष्ण का नाम और मन में आराध्य के दर्शन की अभिलाषा लिए भक्त भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ते रहे। आस्था के इस पथ पर श्रीकृष्ण और राधारानी के जयकारे लगाते हुए भक्तों के कदम जब आगे बढ़े, तो पूरे परिक्रमा मार्ग पर मानो एक लंबी मानव श्रृंखला सी बन गई। जो बुधवार शाम तक निरंतर बनती रही।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अक्षय नवमी के दिन अक्रूर जी भगवान श्रीकृष्ण और बलराम को कंस के वध के लिए गोकुल से मथुरा लेकर आए थे। मथुरा आगमन के पश्चात भगवान श्रीकृष्ण ने नगर के चारों कोनों पर स्थित प्रमुख शिव मंदिरों में देवाधिदेव महादेव के दर्शन व पूजन किए थे। इसी पौराणिक प्रसंग की स्मृति में मथुरा-वृंदावन में अक्षय नवमी पर परिक्रमा लगाने की परंपरा चली आ रही है। मान्यता है कि इस दिन मथुरा, वृंदावन और गरुण गोविंद (तीन वन) तथा पंचकोसी परिक्रमा करने से भक्तों को कभी न समाप्त होने वाला (अक्षय) पुण्य प्राप्त होता है। इसी अटूट आस्था के चलते उम्र और थकान की परवाह किए बिना श्रद्धालु भगवान का स्मरण करते हुए अपनी परिक्रमा पूरी करने में जुटे रहे।

परिक्रमार्थियों का उत्साह देखते ही बनता था। पूरा परिक्रमा मार्ग हरिनाम संकीर्तन, राधे-राधे और जय श्रीकृष्ण के स्वरों से गुंजायमान होता रहा। परिक्रमा पूर्ण करने के उपरांत श्रद्धालुओं ने ब्रज के विभिन्न प्रमुख मंदिरों में पहुंचकर ठाकुरजी के अलौकिक दर्शन किए और सामर्थ्य अनुसार दान-पुण्य किया। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों और सेवा मंडलों द्वारा जगह-जगह भंडारे व जल-शरबत की प्याऊ लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

पंचकोसीय परिक्रमा में उमड़ी भारी भीड़ के चलते शहर की यातायात व्यवस्था कुछ समय के लिए चरमरा गई। परिक्रमा मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से कई स्थानों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया था, जो मुख्य मार्गों पर कभी परिक्रमार्थियों तो कभी वाहनों को रोककर ट्रैफिक संचालित करता नजर आया। हालांकि, कई स्थानों पर परिक्रमा मार्ग के बीच से ही वाहन दौड़ते दिखाई दिए, जिससे परिक्रमार्थियों को कुछ असुविधा और परेशानी का सामना करना पड़ा। मथुरा पुलिस की मुस्तैदी के चलते जाम लगा लेकिन वाहनों को रूकने नहीं दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार