प्रेमानंद महाराज के दुर्लभ दर्शन को उमड़ा आस्था का सैलाब, राधाष्टमी पर केलि कुंज में गूंजा ‘राधे-राधे’

 


मथुरा, 19 सितम्बर(हि.स.)। राधाष्टमी के पावन अवसर पर वृंदावन स्थित श्री हित राधा केलि कुंज आश्रम (यमुना बिहार) में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस विशेष अवसर पर पूज्य संत प्रेमानंद महाराज ने भक्तों को दुर्लभ दर्शन दिए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।राधा जन्मोत्सव के मौके पर शनिवार तड़के से ही केलिकुंज आश्रम के बाहर देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। भक्तों ने कड़े अनुशासन और धैर्य के साथ अपनी बारी का इंतजार किया। राधा नाम संकीर्तन, भजन और पुष्प वर्षा के बीच जैसे ही प्रेमानंद महाराज भक्तों के बीच पहुंचे, पूरा आश्रम परिसर राधे-राधे के जयघोष से गूंज उठा। महाराज के दर्शन पाकर श्रद्धालुओं ने इसे अपने जीवन का परम सौभाग्य बताया। राधाष्टमी पर्व पर वृंदावन और बरसाना में लाखों की संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष मार्ग तय किए हैं। राधारानी के जन्मोत्सव पर प्रेमानंद महाराज के इन दिव्य दर्शनों ने वृंदावन की आध्यात्मिक आभा को और अधिक भव्य बना दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार