पिकअप वैन का टायर हुआ पंचर, पीछे से आ रहे डंपर ने मारी टक्कर, दो की मौत

 


नोएडा, 12 जून (हि.स.)। थाना ईकोटेक- प्रथम क्षेत्र में ककड़ी से भरा हुआ एक पिकअप वैन का टायर पंचर हो गया। वह असंतुलित होकर एक लेंस से दूसरी लेन की तरफ गया। इसी बीच पीछे से आ रहे एक डंपर ने पिकअप में टक्कर मार दिया। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई।

थाना ईकोटेक- प्रथम के प्रभारी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को जनपद अलीगढ से एक पिकअप वैन में ककड़ी भरकर शिवम कुमार पुत्र चोखेलाल उम्र 22 वर्ष तथा अशोक कुमार पुत्र लक्ष्मी सिंह उर्फ 28 वर्ष दिल्ली जा रहे थे। जैसे ही ये लोग गलगोटिया यूनिवर्सिटी के पास पहुंचे इनका पिकअप वैन का टायर पंचर हो गया। पिकअप अनियंत्रित होकर एक लेन से दूसरी लेन की तरफ गया। इसी बीच पीछे से आ रहे डंपर ने पिकअप वैन में टक्कर मार दी।

पिकअप के चालक शिवम कुमार वाहन से उछलकर डिवाइडर पर जा गिरे। इस घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अशोक कुमार को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी