सड़क हादसे में युवक की मौत के मामले में आया नया मोड़
--परिजन ने ट्रैक्टर चढ़ाकर मारने का लगाया आरोप
हमीरपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सुमेरपुर क्षेत्र के ग्राम बांकी में ट्रैक्टर को बैक करते समय ट्राली की चपेट में आकर मरे युवक के प्रकरण में गुरुवार को नया मोड़ आ गया। मृतक के पिता ने चालक पर ट्रैक्टर चढ़ा कर मारने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर सौंपी है। उधर पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव गांव आते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शाम को युवक का गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
सुमेरपुर क्षेत्र के बांकी गांव निवासी गगन साहू (21) ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सदर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई थी। मृतक के पिता राजकिशोर साहू ने गुरुवार को गांव निवासी रामू सिंह के खिलाफ लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए चढ़ाकर मारने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर सौंपी है।
उधर गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव गांव लाया गया। शव के गांव आते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शाम को गांव में ही युवक का अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर ग्राम प्रधान जीवन श्रीवास सहित सैकड़ो ग्रामीण मौजूद रहे। थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि पिता ने ट्रैक्टर चालक पर आरोप लगाकर तहरीर सौंपी है। मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया है, जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा