भाई दूज पर मथुरा रेलवे जंक्शन पर उमड़ा यात्रियों का भारी सैलाब
हाथरस और कासगंज रूट की ट्रेनों में जबरदस्त भीड़, आरपीएफ और जीआरपी ने संभाली सुरक्षा की कमान
मथुरा, 11 नवम्बर (हि.स.)। भाई दूज के पावन पर्व पर अपने भाई-बहनों से मिलने और त्योहार मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से निकले, त्योहार के चलते जहां एक ओर शहर की सड़कों पर जाम की स्थिति देखने को मिली, वहीं दूसरी ओर मथुरा रेलवे जंक्शन पर भी यात्रियों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। खासकर मथुरा से हाथरस और कासगंज की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली।
बुधवार सुबह से ही रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मों पर यात्रियों की आवाजाही लगातार बढ़ती रही। ट्रेन के इंतजार में बड़ी संख्या में लोग स्टेशन पर मौजूद रहे और ट्रेनों के पहुंचते ही उनमें सवार होने के लिए यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। त्यौहार के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। मथुरा जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के जवान मुस्तैदी से तैनात रहे। जवानों ने स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर व्यवस्था संभाली तथा यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेनों में बैठाने में पूरा सहयोग किया, ताकि भीड़ के बीच किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे विभाग की ओर से अतिरिक्त ट्रेनों का भी प्रबंध किया गया था इसके साथ ही दिवाली स्पेशल मेमो ट्रेन का संचालन भी किया गया, ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में राहत मिल सके। रेलवे प्रशासन की ओर से त्योहार के मद्देनजर ट्रेनों की व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया।
बुधवार शाम मथुरा रेलवे जंक्शन के स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि भाई दूज सहित अन्य त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे विभाग ने अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की है। इसके अलावा कुछ ट्रेनों का विस्तार भी बढ़ाया गया है, जिससे अधिक से अधिक यात्रियों को यात्रा की सुविधा मिल सके और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। भाई दूज के पर्व पर मथुरा रेलवे जंक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़ के बीच रेलवे प्रशासन और सुरक्षा बल लगातार व्यवस्थाएं संभालने में जुटे रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार