इस्कॉन मंदिर में सूजी के हलवे से बना विशाल गोवर्धन पर्वत रहा आकर्षण का केंद्र

 


मथुरा, 10 नवम्बर (हि.स.)। कान्हा की नगरी धर्मनगरी वृंदावन में पांच दिवसीय दीवाली महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार शाम गोवर्धन पूजा का पर्व अन्नकूट महोत्सव के रूप में बड़े ही धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। घरों से लेकर मंदिरों तक गोवर्धन पूजा की विशेष धूम देखने को मिली, जहाँ श्रद्धालुओं ने गोबर से गोवर्धन महाराज का स्वरूप बनाकर पुष्पों से सजाया और विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित किया। मंदिरों में भी खाद्य सामग्रियों से गोवर्धन पर्वत का भव्य स्वरूप तैयार कर प्राचीन परंपरा का निर्वहन किया गया। देश-विदेश के भक्तों में दिखा उत्साहगोवर्धन पूजा का उल्लास केवल ब्रजवासियों में ही नहीं, बल्कि देश-विदेश से आए विदेशी भक्तों में भी देखने को मिला। सभी श्रद्धालु श्रीगिरिराज महाराज की भक्ति में सराबोर नजर आए और चारों ओर श्रीकृष्ण तथा गिरिराज महाराज के जयकारे गूंजते रहे।

इस्कॉन मंदिर के नाम से प्रसिद्ध श्रीकृष्ण बलराम मंदिर की गौशाला में ब्रज की प्राचीन परंपरा के अनुसार गोबर से श्रीगोवर्धन महाराज का स्वरूप तैयार किया गया। इस उत्सव को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए सूजी के हलवे से एक विशाल गोवर्धन पर्वत का निर्माण किया गया। इस विशेष पर्वत को फल-फूल, मोरपंख और छप्पन प्रकार के व्यंजनों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कुण्ड और झांकियों ने खींचा ध्यानगोवर्धन पर्वत पर दर्शाए गए कुंड और विभिन्न दर्शनीय स्थलों की झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी रहीं। इस अद्भुत सजावट को देखने के लिए सुबह से ही देश-विदेश के सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे। भक्तों ने श्रीगोवर्धन महाराज का विधि-विधान से पूजन किया और परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

भक्तिमय वातावरणपूरे आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन और संकीर्तन की मधुर ध्वनि से मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने नृत्य और संकीर्तन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी गहरी आस्था प्रकट की। इस अवसर पर इस्कॉन मंदिर के पदाधिकारी परम दास ने गोवर्धन पूजा के महत्व और मंदिर में आयोजित विशेष उत्सव की जानकारी दी, वहीं विदेशी और स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी अपने अनुभव साझा किए।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार