भक्ति और प्रतिभा का अद्भुत संगम : भारत सेवाश्रम संघ में नृत्य प्रतियोगिता ने बांधा समां

 


गोरखपुर, 26 मार्च (हि.स.)। भारत सेवाश्रम संघ, बेतियाहाता में श्री श्री वासंती दुर्गापूजा एवं रामनवमी उत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित नृत्य प्रतियोगिता सांस्कृतिक उल्लास और भावपूर्ण प्रस्तुतियों के साथ भव्य रूप से संपन्न हुई। मंच पर नन्हे कलाकारों से लेकर किशोर प्रतिभाओं तक ने अपनी अद्भुत नृत्य कला से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में एकल एवं समूह नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय एवं देशभक्ति के रंग में रंग दिया। 05 से 10 वर्ष तथा 11 से 16 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने भक्ति गीत, लोकगीत एवं शास्त्रीय संगीत पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

जूनियर वर्ग में अपराजिता राय, वेदिका मिश्रा, अन्या ने अपनी सजीव और भावपूर्ण प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। वहीं सीनियर समूह वर्ग में शालिनी, अंश, काव्या, आराध्या, हर्षित, चित्रांश और राहुल ने आध्यात्मिक गीतों पर समर्पण भाव से नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को विशेष ऊंचाई प्रदान की। उनकी प्रस्तुतियों में ताल-लय, भाव-भंगिमा और आध्यात्मिकता का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।

कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने में अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर आनंदो मुखर्जी, स्वाति मुखर्जी, अजय दास, डॉ. रचना बनर्जी सहित संस्था के अध्यक्ष नि:श्रेयसानन्द जी महाराज की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही काशी से पधारे विष्णुनानंद जी महाराज, स्वामी जगदानंद जी, स्वामी मोक्षानंद जी महाराज ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक आभा प्रदान की। आयोजन में अचिंत लहरी, चंद्रमा मुखर्जी, मीता सेन, सुनील बनर्जी, तनुश्री बनर्जी, स्वाती मुखर्जी का सराहनीय सहयोग रहा।

प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं संतुलित मूल्यांकन हेतु निर्णायक मंडल में आशुतोष मिश्र, संगीता मिश्र एवं मीता सेनगुप्ता ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।

नन्हे कलाकारों की आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियां और समूह नृत्य की सटीक तालमेल ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया। पूरा परिसर श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा से सराबोर नजर आया।

आयोजन समिति की ओर से सभी प्रतिभागियों को मंच प्रदान करने और उनकी प्रतिभा को निखारने का सराहनीय प्रयास किया गया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया, जिससे उनके भीतर आगे बढ़ने की प्रेरणा और भी सुदृढ़ हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय