स्मार्ट मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में हुई आगजनी में चार दिन बाद एक व्यक्ति का मिला शव

 


नोएडा, 16 मार्च (हि.स.)। थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-4 स्थित बी-40 में स्थित कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड की बिजली मीटर बनाने की फैक्ट्री में बृहस्पतिवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लगने के मामले में एक व्यक्ति की जलने से मौत हो गई जिसका शव चार दिन बाद मिला, जबकि 37 लोग इस घटना में घायल हो गए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में मृतक के परिजनों ने कोई शिकायत नहीं की है। वहीं घटना वाले दिन से ही मृतक के परिजन उसके लापता होने की बात कर रहे थे।

थाना फेस -1 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मान ने साेमवार काे बताया कि बीते बृहस्पतिवार को सेक्टर 4 के बी ब्लॉक में स्थित स्मार्ट मीटर बनाने वाली कंपनी में भयंकर आग लग गई थी। इस घटना में 37 लोग घायल हो गए थे। आग बुझाने का काम कई दिनों से चल रहा था। उन्होंने बताया कि रविवार को आग पूरी तरह से बुझ गई। जब पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मलवा को हटाया तो उसमें ओपेंद्र कुमार पुत्र सरवन उम्र 28 वर्ष का शव मिला। आगजनी के दौरान वह कंपनी में फंस गए थे, तथा उनकी जलने की वजह से मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर आज परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में मृतक के परिजनों ने कोई शिकायत नहीं की है। अगर वा कोई शिकायत करते हैं तो पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी