तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉला ने मारी बाइक को टक्कर, महिला की मौत
मथुरा, 02 मई (हि.स.)। थाना फरह क्षेत्र अंतर्गत दीनदयाल धाम रेलवे फाटक पर शनिवार को एक ट्रॉला की चपेट में आने से 50 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान रतन देवी पत्नी स्वर्गीय केदार सिंह के रूप में हुई है। वह आगरा जिले के खैरागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम नगला विष्णु, सरेंडा पंचायत की निवासी थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह घटना शनिवार दोपहर करीब 12 बजे हुई जब रतन देवी रेलवे फाटक पार कर रही थीं। इसी दौरान मथुरा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रॉला ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। महिला ट्रॉला के अगले टायर के नीचे आ गई और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर फरह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फरह थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने ट्रॉला को जब्त कर लिया है और उसके चालक को भी हिरासत में ले लिया है। मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार