सेवानिवृत्त हुए तीन पुलिसकर्मियों को सम्मान के साथ दी गई भावभीनी विदाई

 






गोरखपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस विभाग में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने के बाद अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए तीन पुलिसकर्मियों को शनिवार को पुलिस लाइन्स गोरखपुर में सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक ने सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों को फूल-माला पहनाकर तथा शॉल और पुस्तक भेंटकर सम्मानित किया।

विदाई समारोह में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को याद किया गया। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस विभाग में सेवा करना अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा से जुड़ा दायित्व है। सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के दौरान विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक ने सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन की एक नई शुरुआत है। आशा है कि सभी लोग अपने परिवार के साथ सुखमय जीवन व्यतीत करेंगे। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।

सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस राजेश कुमार सिंह, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अर्जुन प्रसाद तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मुकेश कुमार सिंह शामिल रहे।

कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। समारोह का माहौल सम्मान, आत्मीयता और भावुकता से भरा रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय