कान्हा संग नववर्ष मनाने पहुंचा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर लगी रही कतारें
लखनऊ, 31 दिसंबर (हि.स.)। इस वर्ष के अंतिम दिन बुधवार को मथुरा शहर के मंदिरों में श्रद्धालु ऐसे उमडे़ कि चहुंओर श्रद्धालु ही श्रद्धालु नजर आए। ठाकुरजी ने भक्तों पर कृपा की वर्षा की। आने वाले वर्ष के लिए सुख-समृद्धि की प्रार्थना भक्तों ने की। मंदिरों में दर्शन किए और गोवर्धन की परिक्रमा लगाई। ठाकुरजी की जय-जयकार हुई।
बुधवार सुबह से ही मंदिरों में भक्त पहुंचने लगे थे। वर्ष के अंतिम दिन को विदाई दे रहे थे और आने वाले वर्ष को सुखमय होने की प्रार्थना कर रहे थे। यमुना घाटों पर भक्तों ने पूजन किया। यमुना मैया का पूजन कर आस्थावान धन्य हो गए। श्रीकृष्ण जन्मस्थान, द्वारकाधीश मंदिर में श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही। गोवर्धन में श्रद्धालु परिक्रमा लगाते रहे। गोकुल, बरसाना, नंदगांव, बलदेव में भी श्रद्धालुओं ने मंदिरों में दर्शन किए।
व्यवहारिक नववर्ष पर ठाकुर मंदिर द्वारकाधीश में सजावट की गई है। बिजली की सज्जा की गई है। मुख्यद्वार से प्रवेश दिया और अन्य दो द्वारों से निकास की व्यवस्था की गई है। महिला और पुरुष अलग-अलग पंक्ति में दर्शन कर रहे हैं। बुधवार शाम मीडिया प्रभारी एड. राकेश तिवारी ने बताया कि बैग आदि लेकर श्रद्धालु न आएं। बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं, बीमार, छोटे बच्चे मंदिर आने से बचें।
ट्रेन और बसों में रही भीड़
वर्ष के अंतिम दिन ट्रेन और बसों में भीड़ रही। मथुरा आने वाली ट्रेनों में पैर रखने को भी जगह नहीं मिल रही थी। हर कोई ठाकुरजी के दर्शन कर निहाल होना चाहता था। अंतिम दिन ठाकुरजी के दर्शन करने को सभी व्याकुल नजर आए। सुरक्षा को लेकर जीआरपी और आरपीएफ के जवान भी सतर्क रहे। बसों का भी लगातार संचालन किया गया। विभिन्न मार्गों पर बस संचालित की गईं।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार