डीएम कार्यालय के सामने एक परिवार ने आत्मदाह का किया प्रयास

 


जौनपुर,19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे जमीन पर अवैध कब्जे से परेशान एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने आत्मदाह का प्रयास किया। परिवार के सदस्यों ने खुद पर डीजल डाल लिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें रोक लिया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने बताया कि तीनों की हालत सामान्य है।

बदलापुर क्षेत्र के सरोखनपुर निवासी देवी प्रसाद पटेल के परिवार ने आरोप लगाया कि पड़ोसी उनकी भूमि पर जबरन कब्जा कर अवैध निर्माण करा रहे हैं। परिवार की सदस्य संतरा देवी ने बताया कि उनकी भूमिहारी आराजी संख्या 360112 और 3602/2 पर सूबेदार बिना अनुमति अवैध निर्माण कराया गया है। परिवार का आरोप है कि जमीन के दूसरे हिस्से पर भी कब्जा कर लिया गया है। विरोध करने पर मारपीट और फौजदारी की धमकी दी जाती है।

पीड़ित परिवार के मुताबिक, मामले को लेकर उन्होंने जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी, चकबंदी अधिकारी और संपूर्ण समाधान दिवस में कई बार शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। 17 अगस्त को भी उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र देकर गुहार लगाई थी और शिकायत का समाधान न होने पर तहसील परिसर में आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी।

वहीं, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने बताया कि जानकारी लेने पर पता चला कि देवी प्रसाद पटेल का परिवार बदलापुर क्षेत्र का रहने वाला है। परिवार ने डीजल पीने के साथ ही खुद पर डालने का प्रयास किया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रोका और किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सभी की स्थिति सामान्य है।

डीएम ने बताया कि ऊदपुर गेलहुवा गांव में करीब 10 डिसमिल जमीन के विवाद का मामला है। इसमें चार डिसमिल जमीन पर परिवार का कब्जा है, जबकि शेष छह डिसमिल में पक्का मकान बना है। पक्के निर्माण को नियम-कानून के तहत ही हटाया जा सकता है। परिवार पूरे 10 डिसमिल पर कब्जा चाहता है। चार डिसमिल का कब्जा उन्हें दिखाया गया है, जबकि शेष छह डिसमिल के लिए न्यायालय की प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने बताया कि परिवार और संबंधित अधिकारियों को आज शाम वार्ता के लिए बुलाया गया है, ताकि मामले का समाधान कराया जा सके।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव