जनता के मुख्य मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए जौहर विश्वविद्यालय तोड़ने का आदेश : अजय राय
लखनऊ, 17 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर रामपुर विकास प्राधिकरण के उस आदेश को आड़े हाथों लेते हुए प्रदेश की योगी सरकार पर कटाक्ष किया, जिसमें मौलाना मो0 अली जौहर विश्वविद्यालय रामपुर को तोड़ने का आदेश दिया गया है। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार जनता के मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसा कदम अधिकारियों के जरिए करा रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने रामपुर विकास प्राधिकरण के दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि सक्षम अधिकारी द्वारा 15 जुलाई को पूर्वाह्न 11.00 बजे सुनवाई की जाती है और उसी दिन अपराह्न 4.00 बजे मौलाना मो0 अली जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण का आदेश पारित किया जाता है,यह आश्चर्यजनक है और इससे सरकार की मंशा साफ जाहिर होती है।
उन्होंने कहा कि रामपुर के सिंघनखेड़ा गांव में मौलाना मो0 अली जौहर विश्वविद्यालय मो0 आजम खान ने वर्ष 2005 में बनवाया उस समय यह गांव रामपुर विकास प्राधिकरण में नहीं था, वर्ष 2024 में यह गांव रामपुर विकास प्राधिकरण में समाहित हुआ। उन्होंने प्रदेश सरकार से पूछा कि जब यह गांव विकास प्राधिकरण में था ही नहीं तो नक्शा कैसे पास होता। सच्चाई तो यह है कि योगी सरकार द्वारा सिर्फ चंदा चोरी और चढ़ावा चोरी से ध्यान हटाने के लिए इस तरह का झूठा आदेश पारित किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा निर्माण नहीं बल्कि विध्वंश की पार्टी है। शिक्षा के मंदिर को गिराने का काम कर रही है। लाखों स्कूलों को बंद कर दिया। 53-54 इंजीनियरिंग कॉलेज इस वर्ष बंद कर दिए गए। जो मेडिकल कॉलेज बनाया भी तो उसमें न तो पैरामेडिकल स्टॉफ है और न ही डाक्टर हैं। सिर्फ गुजरात की निर्माण कंपनी ने निर्माण के नाम पर पैसा कमाया और वह भाग गईं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मो0 आजम खां को प्रताड़ित करने उनके पूरे परिवार को प्रताड़ित करने और बर्बाद करने का कार्य किया जा रहा है। मौ0 मो0 अली जौहर वि0वि0 में पढ़ने वाले 75 प्रतिशत हिन्दू छात्र और पढ़ाने वाले सैंकड़ों शिक्षकों और उनके परिवारों की जिन्दगी और भविष्य पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जौहर वि0वि0 को नष्ट न करें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कारीडोर के नाम पर काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में सैंकड़ों पेड़ काट दिए गए,उसकी हरियाली खत्म कर दी गयी जिस पर एनजीटी ने जुर्माना भी लगाया है।
उन्होंने कहा कि गांव-गांव में अयोध्या रामजन्मभूमि की चर्चा हो रही है। महिलाओं के आंचल का पैसा ये लोग खा गये या यूं कहें कि उनकी श्रद्धा का पैसा खा गये। अब उससे ध्यान हटाने के लिए उ0प्र0 की योगी सरकार शिक्षा के मंदिर को ध्वस्त और बर्बाद करने का काम कर रही है, इसके खिलाफ कांग्रेस पार्टी संघर्ष करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्द्र पाण्डेय